अमेरिका में बकरियों को बचाने वाले पंजाबी वकील ताज उप्पल पर दर्ज हुआ आपराधिक मामला
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में पंजाबी मूल के वकील तजिंदर उर्फ ताज उप्पल के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। यह मामला दो बकरियों को बचाने की घटना से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, इस मामले की सुनवाई जुलाई 2026 में शुरू होगी। ताज उप्पल कैलिफोर्निया के एक जाने-माने वकील हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 27 मई 2025 को स्ट्रैटफोर्ड क्षेत्र में हुई थी। ताज उप्पल और कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने वहां स्थित वेरा गोट डेयरी से दो बकरियों को बाहर निकाला था। हालांकि, जांच एजेंसियों का आरोप है कि उन्होंने बिना अनुमति एक निजी फार्म में प्रवेश कर वहां से जानवरों को ले जाया। पुलिस और प्रशासन ने इस घटना को बचाव अभियान के बजाय चोरी और साजिश का मामला माना है। इस मामले के बाद ताज उप्पल की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी नौकरी और वकालत का लाइसेंस भी खतरे में पड़ सकता है। बकरी फार्म संचालित करने वाली कंपनी ने ताज उप्पल सहित चार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया है। ताज उप्पल के समर्थकों का कहना है कि यह मामला उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई है जो निर्दोष जानवरों के साथ कथित क्रूरता को उजागर करने का प्रयास करते हैं। पंजाबी मूल के सिख वकील और सामाजिक कार्यकर्ता ताज उप्पल लंबे समय से पशु अधिकारों के लिए सक्रिय रहे हैं। ताज उप्पल की संस्था डायरेक्ट एक्शन एवरीवेयर का दावा है कि फार्म में जानवरों की स्थिति बेहद दयनीय थी। संस्था के अनुसार, वहां हजारों बकरियां बंद थीं, कई स्थानों पर मृत जानवरों के ढेर पड़े थे और मां बकरियों को उनके बच्चों से अलग रखा गया था। संस्था का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल जानवरों की मदद करना था, न कि बकरियों की चोरी करना। वहीं, किंग्स काउंटी के जिला अटॉर्नी ने ताज उप्पल और उनके साथियों पर पशुओं की बड़ी चोरी, साजिश और अवैध प्रवेश (घुसपैठ) के आरोप लगाए हैं। यदि अदालत में ये आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो ताज उप्पल सहित अन्य आरोपियों को छह वर्ष तक की सजा हो सकती है। सभी आरोपियों ने स्वयं को निर्दोष बताया है और कहा है कि वे अदालत में मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार हैं। यह मामला 27 मई 2025 की घटना से शुरू हुआ था। वर्ष 2026 में जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया और अब अदालत में मुकदमे की तैयारी की जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau