Daily Suraj

हिन्दी

सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, युवाओं ने जताया विरोध

21 May, 2026 12:12 PM

Supreme Court of India के मुख्य न्यायाधीश Surya Kant के कथित “कॉकरोच” बयान को लेकर युवाओं के बीच विरोध देखने को मिल रहा है। इसी विरोध के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से एक पेज बनाया गया है, जिसने फॉलोअर्स के मामले में तेजी से नए रिकॉर्ड कायम किए हैं। जानकारी के अनुसार, इस इंस्टाग्राम पेज को बने अभी केवल छह दिन हुए हैं और गुरुवार सुबह 9 बजे तक इसके फॉलोअर्स की संख्या 1.1 करोड़ से अधिक पहुंच चुकी थी। वहीं, ट्विटर पर भी इस पेज के करीब 1 लाख 60 हजार फॉलोअर्स हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” का यह पेज महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके द्वारा बनाया गया है। पार्टी का नारा “धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक, आलसी” रखा गया है। इसके साथ ही पार्टी ने सदस्यता के लिए कुछ विशेष योग्यताएं भी तय की हैं। पार्टी के अनुसार, सदस्य बनने के इच्छुक उम्मीदवार बेरोजगार और अत्यधिक आलसी होने चाहिए। उन्हें लंबे समय तक ऑनलाइन रहने की क्षमता होनी चाहिए और प्रतिदिन कम से कम 11 से 12 घंटे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना चाहिए। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर किसी भी मुद्दे पर पेशेवर तरीके से अपना गुस्सा व्यक्त करने की क्षमता भी जरूरी बताई गई है। दरअसल, 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि एक मामले की सुनवाई के दौरान CJI सूर्या कांत ने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी। हालांकि, एक दिन बाद CJI ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। यदि देश की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स की बात करें, तो Bharatiya Janata Party के इंस्टाग्राम पर 87 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि Indian National Congress के 1 करोड़ 33 लाख फॉलोअर्स दर्ज किए गए हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News