मानसा की बेटियों का जलवा कायम, सुपनीत कौर ने हासिल किए 500 में 500 अंक
कभी शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा माना जाने वाला पंजाब का मानसा जिला अब पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 12वीं कक्षा के परिणामों में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों से जिले की छात्राएं अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों के दम पर नए रिकॉर्ड बना रही हैं और राज्य स्तर पर पहचान बना रही हैं। इस वर्ष गुरुकुल अकादमी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उभा की 16 वर्षीय छात्रा सुपनीत कौर ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के घोषित परिणामों में पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। सुपनीत कौर ने 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त कर अपने स्कूल और जिले मानसा का नाम पूरे पंजाब में रोशन किया है। मानसा जिले की छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन पिछले कुछ वर्षों से लगातार जारी है। पिछले वर्ष श्री तारा चंद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भीखी की छात्रा अर्श ने 500 में से 498 अंक प्राप्त कर राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया था। इससे पहले वर्ष 2023 में दशमेश कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरदूलगढ़ की छात्रा सुजान कौर ने भी 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। मानसा के डिप्टी जिला शिक्षा अधिकारी परमजीत सिंह ने कहा कि छात्रों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सहयोग के कारण यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने लगातार बेहतर प्रदर्शन कर शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी नीलम रानी ने छात्रों और शिक्षकों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुपनीत कौर को इस विशेष उपलब्धि के लिए सम्मानित करने हेतु चंडीगढ़ आमंत्रित किया है।
Posted By: Daily Suraj Bureau