पंजाब में अप्रैल में लौटी ठंड, बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट
पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते दिन और रात हुई बारिश के कारण अप्रैल माह में भी ठंड का अहसास हो रहा है। मंगलवार से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 5.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग ने 8 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कई क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और गरज-तूफान की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 9 अप्रैल से मौसम के साफ होने की उम्मीद है। आज भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। सुनाम, संगरूर, मलेरकोटला, मूनक, पांथड़ा, समाना, पटियाला, नाभा, राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, मोहाली, बस्सी पठाना, खन्ना, पायल, खरड़, खमाणों, चमकौर साहिब और समराला में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और बिजली गिरने की भी आशंका है। सरदूलगढ़, बुढलाडा, लहरा, मानसा, बरनाला, तपा, धूरी, पातरां, तलवंडी साबो, मलोट, बठिंडा, रामपुरा फूल सहित कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा रूपनगर, मोगा, जालंधर, कपूरथला, नवांशहर, होशियारपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी हवाओं की गति तेज रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 22 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से पांच जिलों—पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली—में गरज-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना अधिक है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोगा, बठिंडा और बरनाला समेत अन्य 13 जिलों में गरज-तूफान, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, आज कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और बारिश हो सकती है, जबकि तेज हवाएं भी चलेंगी। उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है, जिसके बाद धीरे-धीरे 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
Posted By: Daily Suraj Bureau