Daily Suraj

हिन्दी

भाजपा में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा के लिए पंजाब की राजनीति हुई चुनौतीपूर्ण

20 May, 2026 08:34 AM

पंजाब में होने वाले नगर निगम चुनावों के बीच अब राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। मोहाली नगर निगम की वोटर सूची में राघव चड्ढा का नाम दर्ज होने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या वह 26 मई को होने वाले चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए पंजाब आएंगे। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार राघव चड्ढा मोहाली शहर के निवासी के रूप में दर्ज हैं। मोहाली नगर निगम की वोटर सूची में वार्ड नंबर 44 के बूथ नंबर 160 पर सीरियल नंबर 253 के तहत उनका नाम शामिल है। वार्ड नंबर 44 के अंतर्गत आने वाले रीजेंसी हाइट्स में उनकी रिहाइश दर्ज की गई है। राघव चड्ढा हाल ही में पंजाब के पांच अन्य सांसदों के साथ भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने यह आशंका भी जताई थी कि पंजाब सरकार उन्हें निशाना बना सकती है। ऐसे राजनीतिक माहौल में अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या वह मोहाली नगर निगम चुनाव में वोट डालने पहुंचेंगे। वार्ड नंबर 44 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार फूल राज सिंह ने कहा कि राघव चड्ढा को एक मतदाता के रूप में अपने राजनीतिक अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मोहाली आना चाहिए। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने 21 मार्च 2022 को राघव चड्ढा को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार घोषित किया था। उस समय पंजाब की राजनीति में इस बात को लेकर काफी चर्चा हुई थी कि राज्यसभा की टिकट पंजाब से बाहर के निवासी को दी गई है। बाद में अप्रैल 2022 में राघव चड्ढा पंजाब से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। साल 2022 में राज्यसभा नामांकन के दौरान चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार राघव चड्ढा का नाम दिल्ली के विधानसभा क्षेत्र राजेंद्र नगर की वोटर सूची में दर्ज था। उस समय उनका नाम सीरियल नंबर 313 और पार्ट नंबर 52 के अंतर्गत था। हालांकि अब राजेंद्र नगर की वोटर सूची में उनका नाम मौजूद नहीं है। दिल्ली से वोट कटवाने के बाद राघव चड्ढा ने पंजाब में नई वोट बनवाई है। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उन्होंने मोहाली के गांव लखनौर स्थित पोलिंग स्टेशन पर अपना वोट डाला था। अब 26 मई को होने वाले नगर निगम चुनावों में उनकी मौजूदगी और मतदान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News