प्रयागराज में बड़ा हादसा: कोल्ड स्टोरेज ढहा, 4 लोगों की मौत
प्रयागराज में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया, जब गंगापार के फाफामऊ इलाके में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज अचानक ढह गया। घटना के बाद मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को मौके से हटा दिया गया। गैस की तेज गंध लगभग एक किलोमीटर तक फैल गई, जिसके कारण लोगों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक लिए। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। पांच जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। मौके पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं। अब तक मलबे से नौ लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें से चार की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश के रूप में हुई है। इनमें जगदीश प्रयागराज का निवासी था, जबकि अन्य तीन बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कोल्ड स्टोरेज में धमाके जैसी आवाज आई, जिसके बाद पूरी इमारत ढह गई। हादसे में घायल लोगों को मलबे से निकालकर एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और बचाव कार्य लगातार जारी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau