Daily Suraj

हिन्दी

शहीदों को श्रद्धांजलि देकर सीएम मान ने किया विकास परियोजना का ऐलान

23 Mar, 2026 03:44 PM

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सोमवार को फिरोजपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हुसैनीवाला स्थित शहीदी स्मारक पर पहुंचकर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने एक बड़े जनसमूह को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह ऐतिहासिक दिन केवल शहीदों को याद करने का नहीं, बल्कि उनके क्रांतिकारी विचारों और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की सोच को अपने जीवन में अपनाने का भी दिन है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हुसैनीवाला में बनने जा रहे विरासती कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखी। यह परियोजना 24.99 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। उन्होंने पंजाब और देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि शहीदों के दिखाए मार्ग पर चलकर पंजाब विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दिन को ‘संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया जाए और शहीदों के आदर्शों को जीवन में अपनाया जाए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं और उनकी कुर्बानियों को पूरी दुनिया याद करती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस उम्र में आज के युवा सामान्य इच्छाएं रखते हैं, उसी उम्र में भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि शहीदों की विचारधारा पर चलते हुए पंजाब को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता और आने वाले समय में राज्य में और सुधार देखने को मिलेंगे।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News