Daily Suraj

हिन्दी

अमृतसर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: खुद गाड़ी चलाकर परगट सिंह के साथ श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे सचिन पायलट

08 Oct, 2026 08:38 AM

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के नव-नियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट गुरुवार सुबह श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। इस दौरान पार्टी के अंदर एकजुटता और मजबूती का प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, पूर्व विधायकों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। हवाई अड्डे पर पार्टी समर्थकों का भारी जमावड़ा देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप और गूंजते नारों के साथ परगट सिंह का अभिनंदन किया। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक भी अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। सचिन पायलट ने खुद चलाई कार, दोनों नेताओं ने श्री हरिमंदिर साहिब में टेका माथा हवाई अड्डे से बाहर निकलते समय एक खास दृश्य देखने को मिला, जब सचिन पायलट ने खुद कार ड्राइव की और परगट सिंह उनके साथ बैठे। दोनों नेता एक साथ श्री हरिमंदिर साहिब (दरबार साहिब) पहुंचे और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। हालांकि परगट सिंह ने पहले ही कहा था कि वह एक विनम्र सिख के रूप में श्री हरिमंदिर साहिब नतमस्तक होने जाएंगे, फिर भी उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता वहां मौजूद थे। परगट सिंह ने वहां पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने जताई उम्मीद, कहा- 'पार्टी को मिलेगी नई मजबूती' स्वागत के लिए पहुंचे विधायक सुखबिंदर सिंह सुख सरकारिया ने बताया कि परगट सिंह ने एक विनम्र सिख के रूप में धार्मिक स्थल जाने की इच्छा जताई थी, इसीलिए हवाई अड्डे पर ही ढोल-नगाड़ों और पूरे जोश के साथ उनका स्वागत किया गया। वहीं, पूर्व विधायक राजकुमार वेरका ने विश्वास जताया कि परगट सिंह के अध्यक्ष बनने से पूरी पंजाब कांग्रेस एकजुट होगी और आने वाले चुनावों में पार्टी को बेहतरीन परिणाम मिलेंगे। इसके अलावा सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला ने कहा कि परगट सिंह एक बेहतरीन इंसान और पूर्व में एक शानदार खिलाड़ी रहे हैं। एक अच्छे टीम लीडर होने के नाते वे पूरी पार्टी को साथ लेकर चलने की क्षमता रखते हैं।

Latest News