शादी के बाद हैदराबाद में हुआ विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना का भव्य रिसेप्शन
दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के लोकप्रिय सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की रिसेप्शन पार्टी हैदराबाद के प्रतिष्ठित होटल ताज कृष्णा में आयोजित की गई। इस समारोह की पहली तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस खास मौके के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया था। रिसेप्शन समारोह में विजय और रश्मिका अपने-अपने परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में यह नवविवाहित जोड़ा हाथ थामे फोटोबूथ तक पहुंचता दिखाई दिया। मीडिया को देखकर दोनों ने सिर झुकाकर और हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इसके बाद दोनों ने अपने परिवार के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई। रिसेप्शन के दौरान रश्मिका मंदाना लाल रंग की कांचीवरम साड़ी और सोने के आभूषणों में बेहद आकर्षक नजर आईं, जबकि विजय देवरकोंडा पारंपरिक परिधान में दिखाई दिए। इस अवसर पर दक्षिण भारतीय सुपरस्टार राम चरण भी अपनी पत्नी उपासना के साथ समारोह में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में शादी की थी, जिसे निजी रखा गया था। इस समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदारों तथा दोस्तों को ही आमंत्रित किया गया था। यह विवाह दो अलग-अलग परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ था। सुबह तेलुगु रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न हुआ, जबकि शाम को रश्मिका की कोडवा परंपरा के अनुसार रस्में निभाई गईं। शादी के दौरान रश्मिका ने लाल साड़ी और सोने के आभूषण पहने थे, जबकि विजय देवरकोंडा ने आइवरी धोती और लाल अंगवस्त्रम धारण किया था।
Posted By: Daily Suraj Bureau