कनाडा में डबल शूटिंग मामले में फरार आरोपी पर देशव्यापी वारंट जारी
कनाडा के ओंटारियो प्रांत में छह महीने पहले हुई एक गंभीर गोलीबारी की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी के खिलाफ देशव्यापी वारंट जारी किया है। यह मामला ब्रैम्पटन में एक घर में घुसकर दो लोगों को गोली मारने से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में की गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी दिलप्रीत सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पील रीजनल पुलिस के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना पिछले वर्ष 19 अगस्त को हुई थी। उस दिन दो अज्ञात व्यक्ति ब्रैम्पटन के कैसलमोर और हम्बरवेस्ट क्षेत्र में स्थित एक घर में जबरन दाखिल हुए और अंदर मौजूद दो लोगों पर कई गोलियां चलाईं। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई, जिसके चलते एक व्यक्ति की जान बच गई, जबकि दूसरे व्यक्ति की मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। अक्टूबर महीने में पुलिस ने दिलप्रीत सिंह को प्रथम श्रेणी हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मनप्रीत सिंह अब भी फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ देशभर में वारंट जारी करते हुए आम जनता से अपील की है कि उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की जानकारी तुरंत साझा करें।
Posted By: Daily Suraj Bureau