बालिकेसिर में देर रात हादसा: तुर्की वायुसेना का विमान गिरा
तुर्की के पश्चिमी शहर बालिकेसिर में सोमवार देर रात तुर्की वायुसेना का एक F-16 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना बर्सा-इज़मिर हाईवे के पास हुई। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और कई पुलिस वाहन मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ हादसे की जांच भी शुरू कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह लड़ाकू विमान बालिकेसिर स्थित 9वें मुख्य जेट बेस कमांड से संबंधित था। विमान उड़ान के दौरान स्थानीय समयानुसार रात करीब 1 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। तुर्की रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी। वहीं, तुर्की के न्याय मंत्री अकिन गुरलेक ने भी पुष्टि की है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Posted By: Daily Suraj Bureau