Daily Suraj

हिन्दी

ऑस्ट्रेलिया ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए वीज़ा नियम किए सख्त, भारतीय छात्रों पर भी असर

06 May, 2026 05:48 PM

ऑस्ट्रेलिया ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए वीज़ा नियमों को और सख्त कर दिया है, जिसके बाद बड़ी संख्या में आवेदन खारिज किए जा रहे हैं। नए नियमों के तहत कई अंतरराष्ट्रीय छात्रों की वीज़ा अर्जी मानकों पर खरी नहीं उतरने के कारण अस्वीकृत की गई है। ऑस्ट्रेलिया के गृह विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष मार्च में उच्च शिक्षा से जुड़े छात्र वीज़ा आवेदनों में से केवल 59 प्रतिशत को ही मंजूरी दी गई है। भारत की बात करें तो मार्च में भारतीय छात्रों की केवल 49 प्रतिशत वीज़ा अर्जी ही स्वीकृत हुई है, जिससे भारत की स्वीकृति दर 50 प्रतिशत से नीचे पहुंच गई है। इसी तरह नेपाल के छात्रों की केवल 27 प्रतिशत अर्जियां पास हुईं, जबकि 73 प्रतिशत खारिज कर दी गईं। अन्य देशों की बात करें तो बांग्लादेश की 45 प्रतिशत, श्रीलंका की 41 प्रतिशत और पाकिस्तान की 37 प्रतिशत वीज़ा अर्जियां मंजूर हुईं। वहीं चीन के मामले में केवल 3 प्रतिशत अर्जियां ही खारिज की गई हैं। गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने 8 जनवरी 2026 से छात्र वीज़ा नियमों में बदलाव किया था, जिसके तहत भारत सहित कई एशियाई देशों—नेपाल, बांग्लादेश और भूटान—को उच्च जोखिम श्रेणी में रखा गया है। इस बदलाव के बाद भारत को श्रेणी AL2 से AL3 में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह कदम हाल ही में भारत में सामने आए बड़े पैमाने पर फर्जी डिग्री रैकेट और वीज़ा धोखाधड़ी के मामलों के बाद उठाया गया है। इसके चलते अब भारतीय छात्रों के आवेदनों की अधिक सख्त जांच की जा रही है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News