Daily Suraj

हिन्दी

पेट्रोल की कमी की खबरें झूठी, फिर भी अमृतसर में लगा लंबा जाम

27 Mar, 2026 09:55 AM

अमृतसर में शुक्रवार को पेट्रोल पंपों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिली। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालक पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए, जिससे कई स्थानों पर अव्यवस्था जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उन्हें अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद ही उन्हें पेट्रोल या डीजल मिल सका। वाहन चालकों के अनुसार, सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इन अफवाहों के चलते लोग घबराहट में अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े, जिससे कई जगहों पर अफरातफरी का माहौल बन गया और भीड़ लगातार बढ़ती गई। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल आसानी से उपलब्ध है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत के भीड़ न लगाएं। इस संबंध में पेट्रोल पंप मालिकों ने भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान समय में पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है। उनका कहना है कि पेट्रोल पंपों पर नियमित सप्लाई जारी है और लोगों को ईंधन आसानी से मिल रहा है। पंप मालिकों ने चेतावनी दी कि यदि लोग इसी तरह घबराहट में बड़ी संख्या में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंचते रहे, तो भविष्य में कमी जैसी स्थिति बन सकती है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News