Daily Suraj

हिन्दी

पाकिस्तान के वाहवा क्षेत्र में पुलिस चेक पोस्ट को बनाया निशाना, दो पुलिसकर्मियों की मौत

15 Jun, 2026 11:30 AM

पाकिस्तान के पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा की सीमा के निकट स्थित वाहवा क्षेत्र में पुलिस चेक पोस्ट पर हुए आत्मघाती हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय मीडिया की सोमवार को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में पुलिस चौकी को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तानी दैनिक द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि रविवार को अज्ञात हमलावरों ने विस्फोटकों से भरे एक वाहन को पुलिस चेक पोस्ट के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा दिया, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) मोहम्मद सादिक बलोच ने बताया कि विस्फोट में दो पुलिसकर्मियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि छह अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पुलिस चेक पोस्ट का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी संख्या मौके पर पहुंची, पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया और साक्ष्य जुटाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया। विस्फोट के प्रभाव से आसपास के कई मकानों की छतें और दीवारें भी ढह गईं। इसके अलावा, इस हमले में एक दर्जन से अधिक स्थानीय निवासी भी घायल हुए हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान डीपीओ मोहम्मद सादिक बलोच ने बताया कि विस्फोट में आत्मघाती हमलावर भी मारा गया। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News