Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र शुरू: दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

22 Oct, 2026 12:44 PM

16वीं पंजाब विधानसभा के 13वें सत्र (विशेष सत्र) की कार्यवाही आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। सत्र के पहले दिन सदन में सबसे पहले हाल ही में दुनिया को अलविदा कह चुकीं प्रमुख शख्सियतों और दिवंगत आत्माओं को नम आंखों से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सत्र के दौरान मानसा में नशों के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा के अलावा पंजाब के पूर्व मंत्री चुन्नी लाल भगत, पूर्व सांसद सरदार वरिंदर सिंह बाजवा, पूर्व विधायक सरदार रणजीत सिंह और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रतन लाल मित्तल को विशेष रूप से याद किया गया। सदन द्वारा इन सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देने के बाद विधानसभा की कार्यवाही को अगले दिन (कल) तक के लिए स्थगित कर दिया गया। पहले दिन सदन की कार्यवाही मात्र नौ मिनट और सत्ताईस सेकंड ही चल सकी। गौरतलब है कि 27 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष सत्र के दौरान राज्य के कई अहम मुद्दों को लेकर भारी हंगामा होने की पूरी संभावना है। विपक्षी दलों द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी व दुरुपयोग, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी की गई है।

Latest News