सुरक्षा कारणों से विधायक पठानमाजरा का जेल ट्रांसफर, परिवार ने उठाए सवाल
पंजाब में सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला केंद्रीय जेल से बठिंडा केंद्रीय जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। वह एक बलात्कार मामले में न्यायिक हिरासत के तहत पटियाला जेल में बंद थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस स्थानांतरण का मुख्य कारण सुरक्षा बताया जा रहा है। बठिंडा केंद्रीय जेल को अत्यधिक सुरक्षित माना जाता है और यहां आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं मौजूद हैं। हालांकि, इस जेल में कई कुख्यात और गंभीर अपराधों में शामिल कैदी भी बंद हैं। गौरतलब है कि पठानमाजरा को महज तीन दिन पहले ही अदालत द्वारा न्यायिक रिमांड पर पटियाला केंद्रीय जेल भेजा गया था। इसके बाद जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उन्हें पटियाला से बठिंडा स्थानांतरित कर दिया गया। पटियाला जेल के सुपरिंटेंडेंट गुरचरण सिंह धालीवाल ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए की गई है। वहीं, विधायक के परिवार ने इस कदम पर आपत्ति जताते हुए दावा किया है कि उन्हें परेशान करने के उद्देश्य से यह ट्रांसफर किया गया है। उल्लेखनीय है कि शिवपुरी, ग्वालियर से 25 मार्च की सुबह पुलिस ने पठानमाजरा को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें पंजाब लाया गया। अदालत में पेश किए जाने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए तीन बार रिमांड भी लिया।
Posted By: Daily Suraj Bureau