Daily Suraj

हिन्दी

मौड़ विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय होंगे जीतमोहनिंदर सिद्धू, नए आवास-सह-कार्यालय का उद्घाटन

16 Mar, 2026 07:34 AM

पंजाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तलवंडी साबो से लगातार चार बार विधायक रह चुके जीतमोहनिंदर सिंह सिद्धू ने रविवार को औपचारिक रूप से अपना राजनीतिक आधार मौड़ विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित कर लिया। इस अवसर पर उन्होंने मौड़ में अपने नए आवास-सह-कार्यालय का उद्घाटन किया, जहां कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ और दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थक भी उपस्थित रहे। जीतमोहनिंदर सिंह सिद्धू ने बातचीत के दौरान कहा कि मौड़ विधानसभा क्षेत्र के कई गांव पहले तलवंडी साबो क्षेत्र का हिस्सा रह चुके हैं, इसलिए यहां के लोगों के साथ उनका पुराना संपर्क है और वे इस क्षेत्र के लिए नए नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वे अपना अधिकांश समय मौड़ में ही बिताएंगे, जबकि उनके बेटे तलवंडी साबो क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहेंगे। इस दौरान प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोग शाम पांच बजे के बाद घरों से बाहर निकलने से डरते हैं। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए बाजवा ने कहा कि भाजपा अब पंजाब में ‘छोटे भाई’ की भूमिका में रहने को तैयार नहीं है। उन्होंने बादल परिवार को भी आगाह करते हुए कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में क्षेत्रीय नेतृत्व को कमजोर किया है। गौरतलब है कि जीतमोहनिंदर सिंह सिद्धू ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बठिंडा से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब मौड़ विधानसभा क्षेत्र में उनके मुकाबले आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना और शिरोमणि अकाली दल के नेता जनमेजा सिंह सेखों से होने की संभावना जताई जा रही है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News