Daily Suraj

English

शांक्सी प्रांत की खदान में गैस धमाका, राहत कार्य जारी

23 May, 2026 03:33 PM

चीन के उत्तरी प्रांत शांक्सी में स्थित एक कोयला खदान में हुए भीषण गैस विस्फोट में कम से कम 90 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार शाम चांगझी शहर की लिउशेनयू कोयला खदान में हुआ, जहां बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि विस्फोट के समय खदान के अंदर 247 कर्मचारी मौजूद थे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने मजदूर अब भी खदान के भीतर फंसे हुए हैं। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचकर प्रभावित मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश में जुटे हुए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार और राहत एवं बचाव अभियान में कोई कमी न छोड़ी जाए। इसके साथ ही उन्होंने हादसे के कारणों की गहन जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए हैं। यह हादसा एक बार फिर चीन की खदानों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News