फरवरी के अंत के साथ मौसम में बदलाव, धुंध के बीच बढ़ेगी गर्मी
पंजाब में फरवरी माह के समाप्त होने के साथ ही ठंड अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अभी भी महसूस किया जा रहा है, जबकि दिन के समय तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 फरवरी को पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में घनी धुंध छाए रहने की संभावना है। इसको लेकर पीली चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, राज्य में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह और शाम के समय ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन के दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। इसके चलते धूप निकलने के बावजूद गर्मी अधिक तेज नहीं होगी। हालांकि, इस बार गर्मी के जल्दी आने के संकेत मिल रहे हैं और होली तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 2 मार्च तक राज्य को प्रभावित कर सकता है। पंजाब के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग 2.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 9.4 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। सुरेंद्र पाल, मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि राज्य में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
Posted By: Daily Suraj Bureau