Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: खाली कराया गया परिसर, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

25 Sep, 2026 11:45 AM

चंडीगढ़ स्थित पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और एहतियातन हाई कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मौके पर पीसीआर वाहन, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एम्बुलेंस पहुंच चुकी हैं। बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें इमारत के अंदर गहन जांच और तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस टीमें हाई कोर्ट परिसर में खड़ी गाड़ियों और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच कर रही हैं। हालांकि, प्राथमिक जांच के दौरान अब तक इमारत से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी भरे कॉल के स्रोत का पता लगाने और कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर पूरे उच्च न्यायालय परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News