लापता भतीजे के मामले में ध्यान खींचने के लिए रचा हंगामा, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली विधानसभा परिसर में सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने निजी मामले को लेकर पुलिस का ध्यान आकर्षित करने के लिए कार के जरिए जबरन प्रवेश किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरबजीत सिंह नामक व्यक्ति ने अपने लापता भतीजे के मामले में कार्रवाई करवाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया। बताया गया कि उसका भतीजा 1 अप्रैल से लापता है, जिसकी रिपोर्ट हरि नगर थाने में दर्ज है। सरबजीत का मानना था कि विधानसभा में मौजूद कोई वरिष्ठ अधिकारी उसकी बात सुनेगा। दिल्ली के रास्तों से अनजान होने के कारण उसने दो टैक्सी चालकों को 2,000 रुपये देकर अपनी कार में बैठाया था, ताकि वे उसे विधानसभा के बाद संसद भवन तक पहुंचने का रास्ता बता सकें। परिवार के अनुसार, सरबजीत मानसिक रूप से परेशान है। उसकी पत्नी ने शाहजहांपुर से उसके इलाज से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद सरबजीत ने थाने में हिंसक व्यवहार किया और पूरी रात हंगामा किया। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी 37 वर्षीय सरबजीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2:10 बजे हुई, जब एक सफेद रंग की टाटा सिएरा कार गेट नंबर 2 के जरिए जबरन विधानसभा परिसर में घुस गई। बाद में पुलिस ने वाहन को रूप नगर इलाके से बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau