ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप: 600 से अधिक उड़ानें रद्द, हजारों यात्री परेशान
ब्रिटेन के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में मंगलवार को अचानक आई एक बड़ी तकनीकी खराबी के कारण देशभर में हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24' (Flightradar24) और 'स्काई न्यूज' की रिपोर्ट्स के अनुसार, इस खराबी के कारण 600 से अधिक उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज ने इस घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि समस्या का पता चलते ही इंजीनियर्स को इसे ठीक करने के काम में तुरंत लगा दिया गया था। अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि तकनीकी खराबी को दूर कर लिया गया है और हवाई सेवाओं को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है। हालांकि, इस तकनीकी गड़बड़ी के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं किया गया है। इस बड़ी समस्या का सीधा असर दुनिया की प्रमुख एयरलाइन कंपनियों की उड़ानों पर पड़ा। ब्रिटिश एयरवेज, ईज़ीजेट, केएलएम (KLM) और लुफ्थांसा सहित कई प्रमुख कंपनियों की उड़ानों में भारी देरी हुई या उन्हें रद्द करना पड़ा। ईज़ीजेट ने पुष्टि की कि उसकी कई उड़ानें प्रभावित होने के कारण पूरे यूरोप के विभिन्न हिस्सों में हवाई उड़ानों का निर्धारित शेड्यूल बिगड़ गया। इस खराबी का असर लंदन के प्रमुख हीथ्रो, स्टेनस्टेड और सिटी हवाई अड्डों के अलावा मैनचेस्टर, बर्मिंघम और स्कॉटलैंड के कई अन्य हवाई अड्डों पर भी देखा गया। हीथ्रो हवाई अड्डे के प्रबंधकों के मुताबिक, यूरोपीय देशों के लिए उड़ान भरने वाली कई कम दूरी की उड़ानें या तो रद्द कर दी गईं या फिर देरी से संचालित हुईं। हवाई अड्डा अधिकारियों ने यात्रियों को हुई इस अचानक असुविधा के लिए खेद जताते हुए माफी मांगी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau