बेअदबी मामले से जुड़े बहिबल कलां गोलीकांड में SIT के सामने पेश हुए सुखबीर बादल
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल सोमवार को बहिबल कलां गोलीकांड मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के सामने पेश हुए। इस मामले में SIT ने उन्हें औपचारिक नोटिस जारी कर 20 जुलाई को सुबह 11 बजे पंजाब पुलिस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट, सेक्टर-32, चंडीगढ़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। सुखबीर बादल के SIT के समक्ष पेश होने के दौरान शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया सहित बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे। SIT के पास जाने से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी इस मामले में राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल लगातार मजबूत हो रहा है और उसे रोकने के लिए आम आदमी पार्टी इस तरह के कदम उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में केवल पंजाबियों का शासन होगा और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी का सफाया हो जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2015 में बरगाड़ी बेअदबी घटना के विरोध में बहिबल कलां में शांतिपूर्ण धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम लगातार साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसी क्रम में अब सुखबीर सिंह बादल से भी पूछताछ की जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau