परविंदर झोटा हत्याकांड: सीबीआई की मानसा में बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर पर फिर मारा छापा
नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा कत्ल मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इस मामले में सीबीआई की टीम ने मानसा स्थित एक प्रमुख मेडिकल हॉल पर एक बार फिर छापा मारा है। दो दिनों के भीतर दूसरी रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, सीबीआई की टीम दो दिन पहले भी इसी मेडिकल हॉल में जांच के लिए पहुंची थी। उस समय जांच टीम अपने साथ पंजाब सरकार द्वारा निलंबित किए गए ड्रग इंस्पेक्टर नरेश कुमार को भी लेकर आई थी और दुकान पर ले जाकर गहन पूछताछ की थी। इसके बाद आज सुबह सीबीआई की टीम एक बार फिर से इस मेडिकल हॉल पहुंची और दुकान मालिक से लगातार पूछताछ कर रही है। अहम कड़ियां जोड़ने में जुटी टीम अधिकारियों के बार-बार इसी मेडिकल स्टोर पर पहुंचने के बाद यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर सीबीआई बार-बार एक ही मेडिकल हॉल पर ध्यान क्यों केंद्रित कर रही है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच में कोई नई जानकारी सामने आई है या टीम कत्ल से जुड़ी किसी बेहद महत्वपूर्ण कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि इस छापेमारी के दौरान केस से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सबूत मिल सकते हैं। फिलहाल सीबीआई की ओर से इस छापेमारी और किसी भी सबूत की बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।