Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में फिर बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी

03 Jun, 2026 11:03 AM

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 जून को एक पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तेज गरज, बिजली गिरने और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने पंजाब के 18 जिलों में गरज और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना और संगरूर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। 4 जून के आसपास केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ अन्य हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, 3 और 4 जून को पंजाब के कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। इसके बाद 5 और 6 जून को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News