न्यूजीलैंड दौरे पर PM मोदी ने भारतीय समुदाय को किया संबोधित, 25 साल पुराना मफलर दिखाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। 'किया ओरा मोदी' कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की विकास गति अभूतपूर्व है और देश दुनिया के सामने विकास का एक नया मॉडल प्रस्तुत कर रहा है। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 25 से 30 वर्ष पुराना एक व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह किसी सरकार का हिस्सा नहीं थे, तब उन्हें न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला था। उस समय उन्हें उपहार के रूप में एक मफलर, एक कैप और दस्तानों का एक सेट मिला था। उन्होंने कहा कि उन्हीं में से एक मफलर वह आज भी संभालकर रखते हैं और इस कार्यक्रम में भी अपने साथ लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने उस मफलर को सुरक्षित रखा है, उसी तरह वह प्रवासी भारतीयों के स्नेह और अपनत्व को भी हमेशा संजोकर रखते हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत के लिए किसी देश की जनसंख्या नहीं, बल्कि जनकल्याण की भावना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत ने न्यूजीलैंड से बहुत कुछ सीखा है और आगे भी सीखता रहेगा। ऑकलैंड में आयोजित 'किया ओरा मोदी' कार्यक्रम में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध सुखद यादों, स्थायी मित्रता, साझा मूल्यों और आपसी प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और उसकी विकास यात्रा वैश्विक स्तर पर एक नई मिसाल बन रही है। इस कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्साहित लोगों के बीच कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की प्रगति की रफ्तार उल्लेखनीय है और देश दुनिया को विकास का एक नया दृष्टिकोण प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए रवाना हो गए। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान 18 महत्वपूर्ण फैसलों और 10 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों नेताओं ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर लगभग 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
Posted By: Daily Suraj Bureau