Daily Suraj

हिन्दी

कलानौर स्थित अस्पताल में विस्फोट से दहशत, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

02 Jun, 2026 05:46 PM

पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलानौर कस्बे में स्थित एक निजी अस्पताल पर मंगलवार को हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने मुल्तानी अस्पताल के परिसर में जोरदार धमाका किया, जिससे अस्पताल की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए। हालांकि धमाका काफी शक्तिशाली था, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और जांच शुरू कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके के डॉक्टरों और व्यापारियों में भय और चिंता का माहौल देखा जा रहा है। इस बीच, घटनास्थल से एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक अस्पताल के आसपास काफी देर तक घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में लेकर संदिग्ध की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले पर जानकारी देते हुए एसएसपी आदित्य ने बताया कि कलानौर पुलिस स्टेशन को सूचना मिली थी कि कलानौर स्थित मुल्तानी अस्पताल में किसी तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (एसएचओ) और डीएसपी कलानौर तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने बताया कि अस्पताल में खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूटे हुए पाए गए हैं। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जा सकता है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News