Daily Suraj

हिन्दी

भीषण गर्मी से राहत के आसार, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश व तेज हवाओं की संभावना

02 Jun, 2026 06:35 AM

पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को पिछले तीन दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार (2 जून) को पंजाब और चंडीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे हीटवेव की स्थिति में कमी आ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। राज्य के नौ जिलों में भी आज वर्षा होने की उम्मीद है। विभाग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, रूपनगर और मोहाली शामिल हैं। इस बीच गर्मी से राहत देने वाली एक और खबर यह है कि मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून दक्षिण भारत के अन्य क्षेत्रों तक पहुंच सकता है। वहीं, 3 जून से उत्तर भारत के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, 2 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 3 और 4 जून को कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके बाद 5 से 7 जून के बीच भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News