Daily Suraj

हिन्दी

एशियाई खेल 2026: निशानेबाजी में भारत का धमाकेदार प्रदर्शन, पिस्तौल में गोल्ड और 50 मीटर राइफल 3P में सिल्वर जीता

25 Sep, 2026 04:14 PM

एशियाई खेल 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने शुक्रवार को अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। अपने-अपने व्यक्तिगत वर्ग में निराशाजनक प्रदर्शन से उबरते हुए भारतीय जोड़ी सुरुचि सिंह और कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्तौल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके तुरंत बाद ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष पाटिल और नीरज कुमार की भारतीय तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन (3P) टीम स्पर्धा में 1762 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। सुरुचि और कमलजीत का धमाकेदार प्रदर्शन सुरुचि सिंह और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्तौल मिक्स्ड टीम के फाइनल में कुल 484.6 अंक बनाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। भारतीय निशानेबाजों ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी और दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू की जोड़ी (478.0 अंक) को 6.6 अंकों के बड़े अंतर से पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। स्पर्धा में ईरान ने 415.8 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इससे पहले, भारतीय जोड़ी क्वालिफिकेशन दौर में भी शीर्ष पर रहकर फाइनल में पहुंची थी। व्यक्तिगत मुकाबलों और टीम स्पर्धाओं में पदक से चूकने के बाद 10 मीटर एयर पिस्तौल में भारत के पास पदक जीतने का यह आखिरी मौका था। क्वालिफिकेशन दौर में कमलजीत नौवें और सुरुचि 26वें स्थान पर रहे थे, जिससे दोनों व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके थे। हालांकि, मिक्स्ड टीम इवेंट में दोनों ने दबाव में बेहतरीन जज्बा दिखाते हुए भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण दिलाया। 50 मीटर राइफल 3P में भारत को मिला रजत पदक दिन की दूसरी बड़ी सफलता पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में मिली। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष पाटिल और नीरज कुमार की भारतीय तिकड़ी ने कुल 1762 अंक बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में चीन ने 1766 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया 1751 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रहा। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो ऐश्वर्य (589 अंक) और नीरज (588 अंक) क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहते हुए 3P स्पर्धा के व्यक्तिगत फाइनल में प्रवेश करने में सफल रहे। हालांकि, रुद्राक्ष पाटिल नौवें स्थान पर रहकर बाहर हो गए, क्योंकि नियमों के अनुसार एक देश से केवल दो ही निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकते हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News