Daily Suraj

हिन्दी

करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की अपील, हरजिंदर सिंह धामी ने केंद्र से की कार्रवाई की मांग

14 Jul, 2026 04:50 PM

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब, श्री करतारपुर साहिब के लिए बनाए गए करतारपुर कॉरिडोर को तत्काल दोबारा खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह पवित्र स्थल दुनिया भर के करोड़ों सिख श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इससे उनकी गहरी धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में एडवोकेट धामी ने लिखा कि श्री करतारपुर साहिब वह पावन भूमि है, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने मानवता को किरत करने, नाम जपने और वंड छकने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने भाईचारे, मानव सेवा और सरबत दा भला का उपदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थान के दर्शन की इच्छा सिख संगतों के मन में हमेशा बनी रहती है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि नवंबर 2019 में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर करतारपुर कॉरिडोर खुलने से दुनिया भर के सिखों की वर्षों पुरानी अरदास पूरी हुई थी। इसके बाद लाखों श्रद्धालुओं ने श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। हालांकि, कुछ समय पहले भारत और पाकिस्तान के बीच बने सुरक्षा हालात के कारण कॉरिडोर पर आवाजाही रोक दी गई, जिससे वैश्विक सिख समुदाय में गहरी निराशा और पीड़ा है। एडवोकेट धामी ने पत्र में यह भी याद दिलाया कि कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग नई नहीं है। उन्होंने कहा कि SGPC कई बार प्रस्ताव पारित कर सिख समुदाय की भावनाओं से केंद्र सरकार को अवगत करा चुकी है। इसके अलावा पंजाब के राज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्री को भी ज्ञापन भेजकर इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई थी। पत्र में प्रधानमंत्री से अपील की गई है कि श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर का दोबारा खुलना केवल धार्मिक यात्रा की सुविधा का विषय नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के सम्मान से भी जुड़ा हुआ है। इसलिए श्री गुरु नानक देव जी से जुड़े इस पवित्र स्थल के महत्व और विश्वभर के करोड़ों सिखों की आस्था को ध्यान में रखते हुए इस मामले पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाए तथा संबंधित मंत्रालयों को कॉरिडोर को तत्काल पुनः खोलने के लिए आवश्यक कूटनीतिक और प्रशासनिक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएं। एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार सिख समुदाय की इस भावनात्मक अपील पर संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ विचार करेगी, ताकि दुनिया भर के श्रद्धालु एक बार फिर श्री करतारपुर साहिब में मत्था टेकने का अवसर प्राप्त कर सकें।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News