भारत और साइप्रस ने समुद्री सहयोग को और मजबूत बनाने पर की चर्चा
भारत और साइप्रस ने द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को और मजबूत बनाने तथा शिपिंग क्षेत्र में साझेदारी का विस्तार करने पर विस्तृत चर्चा की। इस संबंध में साइप्रस में भारत के उच्चायुक्त मनीष ने मंगलवार को साइप्रस की शिपिंग उप मंत्री मरीना हदजीमानोली से मुलाकात की। साइप्रस में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच X पर जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को मजबूत करने, व्यापारी शिपिंग से जुड़े मौजूदा द्विपक्षीय समझौते को आगे बढ़ाने तथा शिपिंग और व्यापक समुद्री क्षेत्र में सहयोग का दायरा बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की। बैठक में भारत और साइप्रस के बीच विकसित हो रहे सकारात्मक संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। दोनों देशों ने समुद्री क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। गौरतलब है कि मई 2026 में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स ने भारत की आधिकारिक यात्रा की थी। इस दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया था। साथ ही रक्षा और परिवहन संपर्क के क्षेत्र में भी सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी थी।
Posted By: Daily Suraj Bureau