Daily Suraj

हिन्दी

NEET UG 2026 पेपर लीक मामला: फास्ट-ट्रैक अदालत ने CBI की चार्जशीट रिकॉर्ड पर ली

29 Jul, 2026 07:42 AM

सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनुचित तरीकों से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष फास्ट-ट्रैक अदालत ने बुधवार को NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दायर चार्जशीट को रिकॉर्ड पर ले लिया। विशेष न्यायाधीश अनु ग्रोवर बलिगा ने 13 आरोपियों के खिलाफ सीबीआई की अंतिम रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर स्वीकार करते हुए एजेंसी को मामले से जुड़े अनुलग्नक (एनेक्सर) दाखिल करने के लिए समय दिया। सीबीआई ने अदालत को बताया कि लगभग 20,000 पन्नों के अनुलग्नकों की स्कैनिंग की जा रही है, जिन्हें तीन दिन बाद अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 3 अगस्त के लिए निर्धारित की है। सूत्रों के अनुसार, अदालत के आदेश के बाद अधिवक्ता वी.के. पाठक और अर्जुन आनंद को इस मामले में सीबीआई का लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है। इससे पहले मंगलवार को सीबीआई ने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों में तीन पेपर विशेषज्ञ, कोचिंग सेंटरों से जुड़े दो व्यक्ति, कुछ बिचौलिए तथा कई लाभार्थी अभ्यर्थी शामिल हैं। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, साक्ष्य नष्ट करने सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं। इसके अलावा, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तथा पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं। अब इस मामले में आगे की सुनवाई 3 अगस्त को होगी, जिसमें सीबीआई द्वारा शेष अनुलग्नक भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News