Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में 328 पावन स्वरूपों के मामले में नई SIT का गठन

26 Feb, 2026 08:00 AM

पंजाब में गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूपों के लापता होने के मामले में जांच को तेज करते हुए पंजाब पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का पुनर्गठन किया है। यह कदम मामले की गंभीरता को देखते हुए उठाया गया है। जांच ब्यूरो द्वारा 7 दिसंबर 2025 को अमृतसर के पुलिस स्टेशन ‘सी’ डिवीजन में दर्ज एफआईआर नंबर 168 की जांच के लिए यह नई SIT गठित की गई है। यह मामला भारतीय दंड संहिता की धाराएं 295, 295-A, 409, 465 और 120-B के तहत दर्ज है। जारी आदेश के अनुसार, पहले जारी किए गए तीन आदेशों को रद्द कर दिया गया है और अब नई टीम बनाई गई है। यह नई SIT अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर की निगरानी में कार्य करेगी। टीम की अगुवाई रूपनगर रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) डॉ. नानक सिंह करेंगे। इस जांच दल में एसएसपी खन्ना दर्पन आहलूवालिया, एसपी डिटेक्टिव पटियाला गुरबंस सिंह बैंस, एसपी स्पेशल ब्रांच मोहाली सुखनाज सिंह, एसीपी अमृतसर हरमिंदर सिंह और एसएचओ सी-डिवीजन सब-इंस्पेक्टर राजवंत कौर शामिल हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अमृतसर पुलिस कमिश्नर इस जांच को निष्पक्ष, वैज्ञानिक और तेज़ बनाने के लिए SIT को आवश्यक सभी लॉजिस्टिक और प्रशासनिक सहायता प्रदान करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर टीम में अन्य अधिकारियों को भी शामिल किया जा सकता है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News