Daily Suraj

हिन्दी

जैस्मीन सैंडलस ने चंडीगढ़ में LGBTQ+ समुदाय के समर्थन में लहराया प्राइड दुपट्टा, दिया समानता का संदेश

11 Oct, 2026 02:59 PM

: पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलस ने चंडीगढ़ (मोहाली) में आयोजित अपने लाइव कॉन्सर्ट के दौरान LGBTQ+ समुदाय के समर्थन में आवाज उठाई। ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ के तहत हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने इंद्रधनुषी रंगों वाला प्राइड दुपट्टा पहनकर प्यार, समानता, आजादी और सामाजिक समावेश का संदेश दिया।
 

अपनी दमदार आवाज और बेबाक अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली जैस्मीन सैंडलस ने अपने लोकप्रिय गानों से कार्यक्रम में मौजूद हजारों दर्शकों का मनोरंजन किया। इस दौरान उन्होंने LGBTQ+ समुदाय के अधिकारों और सम्मान के प्रति भी खुलकर समर्थन जताया।
 

गायिका ने अपने पहनावे और विचारों के जरिए यह संदेश दिया कि प्यार और किसी व्यक्ति की पहचान के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। हर इंसान को अपनी पसंद और पहचान के साथ जीवन जीने का अधिकार है।
 

‘प्यार बहुत पवित्र चीज है’, जैस्मीन ने कही दिल की बात
 

कार्यक्रम के दौरान जैस्मीन सैंडलस ने प्यार और व्यक्तिगत आजादी पर अपनी बात रखते हुए कहा कि पंजाबी समाज में काफी बंटवारा है और लोगों को एक-दूसरे से प्यार करने की आजादी मिलनी चाहिए।
 

उन्होंने कहा, “हम पंजाबी बहुत बंटे हुए हैं... प्यार तो करने दीजिए। हम होते कौन हैं किसी को यह बताने वाले कि तुम इससे प्यार कर सकते हो या इससे प्यार नहीं कर सकते? प्यार बहुत पवित्र चीज है। बहुत से लोगों को प्यार नहीं मिलता, जिन्हें मिलता है, उन्हें प्यार करने दीजिए।”
 

उन्होंने आगे कहा कि दुनिया में बहुत से ऐसे लोग हैं जिन्हें जीवन जीने का तरीका भी नहीं आता। ऐसे में जो व्यक्ति अपनी जिंदगी जी रहा है, उसे अपने तरीके से जीने देना चाहिए।
 

सोशल मीडिया पर चर्चा में आया गायिका का अंदाज
 

लाइव शो के दौरान LGBTQ+ प्राइड दुपट्टा पहनने और समुदाय के समर्थन में बयान देने का जैस्मीन सैंडलस का अंदाज चर्चा का विषय बना। पंजाबी संगीत जगत की प्रमुख गायिका द्वारा सार्वजनिक मंच से समानता, सम्मान और अपनी पहचान के साथ जीने के अधिकार की बात कहने को प्रशंसकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक अहम कदम बताया।
 

जैस्मीन सैंडलस का यह संदेश प्यार, आपसी सम्मान और बिना भेदभाव के जीवन जीने के अधिकार पर केंद्रित रहा।

Latest News