Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में मानसून होगा और सक्रिय, आज व 9 जुलाई के लिए भारी बारिश की चेतावनी

08 Jul, 2026 08:39 AM

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने बुधवार को पंजाब के 21 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 8 और 9 जुलाई के लिए इन क्षेत्रों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और पटियाला के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा और बठिंडा के कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि पंजाब में मानसून प्रवेश कर चुका है, लेकिन अपेक्षित स्तर पर वर्षा नहीं हो रही है। कम बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में उमस और गर्मी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के पंजाब के शेष हिस्सों में पूरी तरह फैलने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि अब केवल दो जिले ऐसे हैं जहां मानसून अभी पूरी तरह नहीं पहुंचा है। हालांकि मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियां जारी रहने की उम्मीद है, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जो मानसून को और मजबूत करेगा। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News