Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब सीएम के ओएसडी राजबीर घुम्मन से सीबीआई की पूछताछ जारी, तबादलों और टेंडर में अनियमितताओं की जांच

19 Oct, 2026 06:33 PM

: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) राजबीर घुम्मन सोमवार को कथित भ्रष्टाचार मामले में पूछताछ के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय पहुंचे। एजेंसी उनसे दूसरी बार पूछताछ कर रही है। घुम्मन दोपहर 2 बजे जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे।
 

इससे पहले 16 अक्टूबर को सीबीआई ने उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की थी। पिछली पूछताछ के बाद घुम्मन ने बताया था कि जांच एजेंसी ने उनसे लगभग 40 सवाल पूछे और उन्होंने सभी के विस्तार से जवाब दिए। उन्होंने पूछताछ की प्रक्रिया को सहज बताया था और कहा था कि उस दौरान माहौल भी सौहार्दपूर्ण रहा।
 

घुम्मन ने यह भी स्पष्ट किया था कि सीबीआई की जांच प्रक्रिया से जुड़े नियमों के कारण उनके वकीलों को पूछताछ के दौरान अंदर बैठने की अनुमति नहीं दी गई थी।
 

सुप्रीम कोर्ट ने कठोर कार्रवाई पर लगाई रोक
 

इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन के खिलाफ कोई भी कठोर कार्रवाई करने से रोक रखा है। हालांकि, अदालत ने मामले की जांच और दर्ज प्राथमिकी (एफआईआर) पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। साथ ही घुम्मन को जांच में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे।
 

हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच के दिए थे आदेश
 

पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने 5 अक्टूबर को कथित भ्रष्टाचार के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। अदालत ने जांच एजेंसी को दो महीने के भीतर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा था।
 

इस फैसले को चुनौती देते हुए पंजाब सरकार ने 6 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की थी।
 

हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अश्वनी कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति रोहित कपूर की पीठ ने जांच सीबीआई को सौंपते हुए पंजाब पुलिस को एजेंसी के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए थे।
 

करीब छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी एफआईआर
 

सीबीआई ने 5 अक्टूबर की रात को राजबीर घुम्मन सहित करीब छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मामले में सरकारी अधिकारियों के तबादलों, नियुक्तियों और टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के गंभीर आरोप हैं।
 

सीबीआई इन आरोपों की जांच कर रही है। घुम्मन से जारी पूछताछ इसी जांच का हिस्सा है।

Latest News