Daily Suraj

हिन्दी

राजबीर घूमन मामला: सीबीआई ने करीबी तिकड़ी को किया तलब, कल होगी पूछताछ

17 Oct, 2026 08:35 AM

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घूमन से सीबीआई द्वारा पूछताछ किए जाने के बाद अब जांच एजेंसी ने उनके करीबी तीन लोगों को तलब किया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आगामी रविवार को नितिन गोहल, जतिन गोहल और वीर दविंदर सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये तीनों व्यक्ति रविवार को निर्धारित समय पर सीबीआई के समक्ष पेश होंगे। विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इससे पहले सीबीआई द्वारा इन्हें तीन बार समन भेजे जा चुके हैं, लेकिन ये किसी कारणवश पेश नहीं हो पाए थे। आगामी रविवार को यह पहला अवसर होगा जब वे आधिकारिक रूप से सीबीआई के समक्ष पेश होकर जांच में शामिल होंगे। इससे पहले सीबीआई वीर दविंदर सिंह के पिता से भी इस मामले में पूछताछ कर चुकी है, जबकि गोहल ब्रदर्स पहली बार इस पूरी जांच प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे हैं। गौरतलब है कि वीर दविंदर सिंह इस समय आम आदमी पार्टी (आप) के यूथ विंग के उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं और वह पार्टी की टिकट पर जिला परिषद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेशों पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने गत 5 अक्टूबर को भ्रष्टाचार के विभिन्न आरोपों के तहत राजबीर सिंह घूमन के साथ-साथ नितिन गोहल, जतिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, वीर दविंदर, आर.एस. नागरा और अन्य अज्ञात सरकारी व निजी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। माननीय उच्च न्यायालय की ओर से सीबीआई को इस पूरे मामले की जांच तय समय सीमा यानी दो महीने के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। दर्ज की गई एफआईआर में अधिकारियों के तबादलों व नियुक्तियों, नीतिगत फैसलों में हस्तक्षेप, टेंडर प्रक्रिया और शस्त्र लाइसेंसों जारी करने में कथित तौर पर भारी भ्रष्टाचार किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

Latest News