Daily Suraj

हिन्दी

मोगा में बड़ा शक्ति प्रदर्शन, 83 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात देंगे सीएम मान

04 Apr, 2026 09:14 AM

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज मोगा में आयोजित एक राज्य स्तरीय रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली 4 अप्रैल को मोगा की दाना मंडी में आयोजित की जा रही है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली के दौरान मुख्यमंत्री मान मोगा के निवासियों के लिए लगभग 83 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। रैली को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पार्टी कार्यकर्ता और नेता लगातार कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने भी तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर करीब 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि सरकार द्वारा दी गई गारंटियों को पूरा किया गया है, जिसके चलते लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई। इस बीच, पुलिस प्रशासन ने भी ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पहले से व्यवस्था कर ली है। लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न रूट डायवर्ट किए जाएंगे। बसों और निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News