मोहिंदर भगत ने पूर्व सैनिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ की विशेष समीक्षा बैठक
पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने पर दिया जोर* मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए तेजी से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आज चंडीगढ़ में रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता संग्रामी तथा बागवानी मंत्री श्री मोहितंदर भगत ने रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग तथा पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन (पेस्को) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिवारों तथा उनके आश्रितों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर तथा पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। इससे पहले बैठक के दौरान रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव श्री सुमेर सिंह गुर्जर तथा निदेशक ब्रिगेडियर भूपिंदर सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने विभाग की विभिन्न परियोजनाओं तथा उनकी प्रगति के बारे में मंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इस अवसर पर विभाग की चल रही परियोजनाओं, आवश्यक बजट, कर्मचारियों की पदोन्नतियों, भर्ती प्रक्रिया तथा सैनिक स्कूलों के विकास से संबंधित मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर श्री भगत ने पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन (पेस्को) के कार्यों की भी समीक्षा की। पेस्को के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल हरमनदीप सिंह ने पूर्व सैनिकों को कॉरपोरेशन द्वारा उपलब्ध कराए गए रोजगार तथा कॉरपोरेशन की प्रगति के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री ने पूर्व सैनिकों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने तथा पेस्को की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निर्देश दिए।
Posted By: Daily Suraj Bureau