धान सीजन से पहले PSPCL की बड़ी तैयारी, 250 मेगावाट सौर ऊर्जा खरीदने के लिए टेंडर जारी
पंजाब में बढ़ती गर्मी और आगामी धान रोपाई सीजन के दौरान बिजली की भारी मांग को ध्यान में रखते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने राज्य में ग्रिड-कनेक्टेड सोलर फोटोवोल्टिक (PV) परियोजनाओं से 250 मेगावाट सौर ऊर्जा खरीदने के लिए टेंडर जारी किए हैं। पावरकॉम का यह कदम कृषि क्षेत्र को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर बढ़ते दबाव को कम करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि धान सीजन के दौरान बिजली की खपत अपने उच्च स्तर पर पहुंच जाती है, ऐसे में अतिरिक्त सौर ऊर्जा राज्य की बिजली व्यवस्था को मजबूती दे सकती है। जारी टेंडर के अनुसार, केवल वही परियोजनाएं पात्र मानी जाएंगी जिनकी न्यूनतम क्षमता 50 मेगावाट होगी। बोलीदाताओं को राज्य में विभिन्न स्थानों पर परियोजनाएं स्थापित करने की अनुमति दी गई है, लेकिन किसी एक बोलीदाता द्वारा प्रस्तुत कुल क्षमता 125 मेगावाट से अधिक नहीं हो सकती। टेंडर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि केवल वे इंट्रा-स्टेट परियोजनाएं ही इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगी, जो सीधे PSPCL या PSTCL ग्रिड से जुड़ी होंगी। पावरकॉम ने 28 मई 2026 तक ओपन बिड्स आमंत्रित की हैं, जबकि तकनीकी-वाणिज्यिक बोलियां (Techno-commercial bids) 1 जून 2026 को खोली जाएंगी। टेंडर प्रक्रिया के तहत बोलीदाताओं को 29,500 रुपये टेंडर फीस और 3.54 लाख रुपये प्रोसेसिंग फीस जमा करनी होगी। इसके अलावा प्रत्येक मेगावाट के लिए 10 लाख रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) राशि निर्धारित की गई है। सफल बोलीदाताओं के साथ पावरकॉम द्वारा 25 वर्षों के लिए बिजली खरीद समझौता (PPA) किया जाएगा। साथ ही यह भी अनिवार्य किया गया है कि परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाले सोलर मॉड्यूल और सेल केवल केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) की स्वीकृत सूची में शामिल निर्माताओं से ही खरीदे जाएं। ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों के अनुसार, पंजाब में गर्मियों और धान सीजन के दौरान बिजली की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में 250 मेगावाट अतिरिक्त सौर ऊर्जा राज्य के बिजली आपूर्ति तंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
Posted By: Daily Suraj Bureau