फगवाड़ा में सनसनी: छापर कॉलोनी में घर पर पेट्रोल बम से हमला, बाइक सवार 3 नकाबपोश आरोपी फरार
कपूरथला जिले के फगवाड़ा स्थित बसंत नगर इलाके की छापर कॉलोनी में 18 और 19 सितंबर की दरमियानी रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक रिहायशी मकान को निशाना बनाते हुए तीन अज्ञात नकाबपोशों ने पेट्रोल से भरी जलती बोतलें (पेट्रोल बम) फेंक दीं। इस अचानक हुए हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना सतनामपुरा के अधिकार क्षेत्र में देर रात करीब 3 बजे घटी। मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीनों आरोपियों ने अपने मुंह ढके हुए थे। उन्होंने तेजी से आते हुए घर की ओर पेट्रोल से भरी जलती बोतलें फेंकी और तुरंत मौके से फरार हो गए। पीड़ित मकान मालिक रवि कुमार ने बताया कि जब यह हमला हुआ, उस समय उनका पूरा परिवार घर के अंदर ही सो रहा था। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने आग लगाकर बड़ा नुकसान पहुंचाने की साजिश रची थी, लेकिन सौभाग्य से इस घटना में परिवार के किसी भी सदस्य को कोई शारीरिक चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पीड़ित रवि कुमार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वारदात के तुरंत बाद ही पुलिस को सूचित कर दिया गया था। इसके बावजूद 19 सितंबर की सुबह दिन चढ़ने तक भी कोई पुलिसकर्मी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और उन्हें इंसाफ दिलाया जाए। इस घटना ने छापर कॉलोनी के निवासियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में अज्ञात संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही के बारे में पहले भी पुलिस को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं।
Posted By: Daily Suraj Bureau