पीआरटीसी और पनबस के कच्चे कर्मचारियों की वित्त मंत्री हरपाल चीमा के साथ आज होगी अहम बैठक
पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी (PRTC) के कच्चे कर्मचारियों और सरकार के बीच चल रहे मुद्दों के समाधान के लिए आज यानी 5 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और पीआरटीसी तथा पनबस कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन के नेताओं के बीच यह बैठक बुलाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बैठक आज दोपहर ठीक 12 बजे निर्धारित की गई है। इस उच्चस्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को पक्का करने और उनकी लंबे समय से चली आ रही अन्य प्रमुख मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श करना है। यूनियन के नेताओं और सरकार के नुमाइंदों के बीच होने वाली इस बातचीत को कर्मचारियों के भविष्य के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में कर्मचारियों की मांगों के समाधान को लेकर किसी ठोस सहमति पर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।