Daily Suraj

हिन्दी

प्रदर्शनकारी छात्रों से 24 घंटे में चार बार संपर्क, अब भी जवाब का इंतजार: केंद्र

23 Jul, 2026 06:52 PM

केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि उसने पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों और उनके प्रतिनिधियों से बातचीत के लिए चार बार संपर्क किया है, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। सरकार ने एक बार फिर प्रदर्शनकारी छात्रों से संवाद के लिए आगे आने और समाधान की दिशा में सहयोग करने की अपील की है। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, जिन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ सरकार की ओर से सीजेपी (CJP) के नेताओं से बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ने कहा कि वार्ता जेपी नड्डा के आवास या उनके कार्यालय में आयोजित की जा सकती है। जितेंद्र सिंह ने मीडिया के माध्यम से प्रदर्शनकारी छात्रों से अपील करते हुए कहा कि सरकार बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि छात्र जिस स्थान, जिस समय और जितनी देर तक चाहें, सरकार खुले मन से आंदोलन और उससे जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि यदि आवश्यक हुआ तो बैठक जेपी नड्डा के आवास पर भी आयोजित की जा सकती है और वह स्वयं भी उसमें मौजूद रहेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले 24 घंटों में छात्रों के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए चार बार प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी जिद पर नहीं अड़ी है और उसका उद्देश्य केवल छात्रों, युवाओं तथा देश के व्यापक हित में समाधान निकालना है। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की। जितेंद्र सिंह ने कहा कि छात्रों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में सामने आए पेपर लीक मामलों के आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री ने फास्ट-ट्रैक अदालतों के गठन का निर्णय लिया है, ताकि मामलों का जल्द निपटारा हो सके।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News

प्रसिद्ध पर्यावरणविद् डॉ. विश्व मोहन ने फोमेराह ग्रीन्स में पर्यावरण संरक्षण मुहिम चलाकर सभी को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण के लिए किया प्रेरित पर्यावरण संरक्षण आज समय की आवश्यकता : दर्शन लाल बवेजा

23 Jul, 2026 04:39 PM