हिमाचल वाहनों पर ‘खालसा टैक्स’ का ऐलान फिलहाल स्थगित, सरकार से बातचीत के प्रयास तेज
हिमाचल प्रदेश में पंजाब के वाहनों और यात्रियों के साथ कथित भेदभाव के विरोध में प्रस्तावित ‘खालसा टैक्स’ लगाने का फैसला फिलहाल टाल दिया गया है। प्रशासन की ओर से समाधान का भरोसा मिलने के बाद निहंग सिंह संगठनों ने अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की है। बाबा अच्छर सिंह महांकाल के नेतृत्व में शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार संदीप कुमार और कीरतपुर साहिब के थाना प्रभारी (एसएचओ) राहुल कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के नेताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पंजाब के वाहनों और यात्रियों के साथ कथित भेदभाव को लेकर लोगों में भारी रोष है। इसी कारण ‘खालसा टैक्स’ लगाने का निर्णय लिया गया था। बाबा अच्छर सिंह महांकाल ने बताया कि एक दिन पहले उनकी मुलाकात डीएसपी से भी हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने इस मुद्दे के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया और फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी भी वर्ग को परेशान करना नहीं है, बल्कि अपने अधिकारों और पंजाब के यात्रियों से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना है। इस बीच तहसीलदार संदीप कुमार ने पुष्टि की कि संगठन की ओर से टोल और एंट्री टैक्स से संबंधित मांगों का ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले में पंजाब सरकार के साथ समन्वय कर रहा है और कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ संगठन की बैठक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विवाद का स्थायी समाधान निकाला जा सके। प्रशासन से मिले आश्वासन के बाद निहंग सिंह संगठनों ने 21 जून से शुरू किए जाने वाले अपने प्रस्तावित ‘खालसा टैक्स’ कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा कर दी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau