Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में स्वास्थ्य क्रांति: मुख्यमंत्री भगवंत मान आज होशियारपुर से देंगे 153 नए 'आम आदमी क्लीनिक' की सौगात

14 Oct, 2026 09:52 AM

पंजाब सरकार द्वारा राज्य में लाई गई स्वास्थ्य क्रांति के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाब के लोगों को 153 और नए 'आम आदमी क्लीनिक' समर्पित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज होशियारपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान राज्यवासियों को इन नए क्लीनिकों की सौगात देंगे। इन नए क्लीनिकों के शुरू होने से पूरे पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,245 हो जाएगी। सरकार के इस महत्वपूर्ण कदम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को उनके घर के समीप ही उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। इन आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से जनता को आवश्यक बुनियादी चिकित्सीय सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। इन स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों के लिए 107 प्रकार की जरूरी दवाइयां और स्वास्थ्य जांच हेतु 47 तरह के विभिन्न प्रकार के डायग्नोस्टिक टेस्ट पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध करवाए जाते हैं। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अब तक राज्यभर के आम आदमी क्लीनिकों के जरिए 6.48 करोड़ से अधिक लोग ओ.पी.डी. (OPD) सेवाओं का और 3.63 करोड़ से अधिक लोग मुफ्त डायग्नोस्टिक परीक्षणों का लाभ उठा चुके हैं। सरकार का मानना है कि इन नए क्लीनिकों के खुलने से आम जनता के इलाज पर होने वाले भारी-भरकम खर्च की काफी बचत होगी और बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं राज्य के प्रत्येक नागरिक की पहुंच के दायरे में आ जाएंगी।

Latest News