श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक आज, चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के भविष्य पर निर्णय संभव
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के खुलासे के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली बैठक सोमवार को आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला लिया जाएगा। यह बैठक दोपहर 3 बजे राम मंदिर परिसर के भीतर आयोजित होगी। ट्रस्ट की ओर से चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को भी बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। दोनों ने 26 जून को अपने-अपने इस्तीफे ट्रस्ट को सौंप दिए थे। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान ट्रस्ट के समक्ष प्रस्तुत विभिन्न विषयों के साथ-साथ दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों के इस्तीफों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा और इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन 5 फरवरी, 2020 को किया गया था। तब से अब तक ट्रस्ट की प्रत्येक बैठक की अध्यक्षता महासचिव चंपत राय करते रहे हैं। चढ़ावा चोरी मामले के सामने आने के बाद यह ट्रस्ट की पहली आधिकारिक बैठक मानी जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau