Daily Suraj

हिन्दी

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस-वान टक्कर में 6 की मौत

03 Mar, 2026 07:40 AM

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक डबल-डेकर बस ने चल रही एक इको वैन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों की पहचान राजस्थान के धौलपुर निवासी के रूप में हुई है। सभी लोग होली के अवसर पर अपने घर लौट रहे थे। बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी, जबकि वैन दिल्ली से धौलपुर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह हादसा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर शव बिखरे पड़े थे और एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत खंदौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया। यह दुर्घटना सादाबाद थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Latest News