जालंधर पुलिस ने रंगदारी और फायरिंग मामलों में शामिल चार आरोपियों को दबोचा
पंजाब पुलिस ने रंगदारी वसूली और फायरिंग की घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दी गई जानकारी में बताया कि यह कार्रवाई जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। डीजीपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे कुछ हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच में यह भी पता चला है कि वे जालंधर और एसबीएस नगर जिलों में फायरिंग की कई घटनाओं की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में कथित रूप से शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में जालंधर के भार्गो कैंप थाना में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि जांच एजेंसियां गिरोह के नेटवर्क के पीछे और आगे के सभी संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच के लिए भी कार्रवाई जारी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau