Daily Suraj

हिन्दी

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई, 13 जुलाई को होगी अहम सुनवाई

10 Jul, 2026 02:38 PM

अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में कथित "चढ़ावा चोरी" मामले से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार, 13 जुलाई को सुनवाई करेगा। याचिकाओं में मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है। यह मामला भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया है। इस पीठ में न्यायमूर्ति जोयमल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल हैं, जो इस मामले की सुनवाई करेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले देश की सर्वोच्च अदालत ने इस मामले में तत्काल सुनवाई की मांग को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। 29 जून को हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूछा था कि इस मामले में तत्काल सुनवाई की आवश्यकता क्यों है और इतनी जल्दबाजी किस आधार पर की जा रही है। साथ ही अदालत ने कहा था कि वह शीघ्र सुनवाई के अनुरोध पर विचार करेगी। अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा 13 जुलाई को इस मामले की सुनवाई के लिए सहमति दिए जाने के बाद इस पर आगे होने वाली न्यायिक प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से संबंधित ऐतिहासिक फैसला भी सुप्रीम कोर्ट ने ही सुनाया था।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News