पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, इमारत खाली कराई गई
Punjab and Haryana High Court को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ पुलिस के एसएसपी कार्यालय को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें हाई कोर्ट परिसर के अंदर बम रखे होने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा के मद्देनजर इमारत को खाली कराना शुरू कर दिया गया। इस दौरान आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंच गया है और पूरे परिसर की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। यह धमकी सैक्टर 37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के एक दिन बाद सामने आई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्ष मई में हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला था, जबकि इस वर्ष फरवरी में जिला अदालत को भी इसी तरह की चेतावनी दी गई थी। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले के स्रोत की जांच कर रही है और अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
Posted By: Daily Suraj Bureau